मुसाफिरों के बैग उड़ाने वाले गिरोह का भंडाफोड़
गढ़मुक्तेश्वर। हाईवे किनारे अनुबंधित ढाबे में उत्तराखंड के यात्री का बैग लेकर भाग रहे अंतरजनपदीय गिरोह के दो सदस्यों को ढाबा संचालक ने रंगे हाथों दबोच लिया। उन्हें केस दर्ज कर पुलिस ने ज्यूडिशियल कस्टडी में जेल भेज दिया है।
मुसाफिरों के बैग उड़ाने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का शनिवार रात को गढ़ में भंडाफोड़ हो गया। गुरुग्राम से आ रही उत्तराखंड के पिथौरागढ़ डिपो की रोडवेज बस नेशनल हाईवे किनारे गांव अल्लाबख्शपुर के सामने शिवम अनुबंधित ढाबे में आकर रुकी। इस दौरान रुद्रपुर जा रहा भगत सिंह पानी की बोतल लेने उतरा तो करीब साढ़े 11 बजे बस में सीट पर रखे उसके बैग को लेकर दो युवक दबे पांव वहां से जाने लगे। इस दौरान साइड में बैठे ढाबा संचालक शादाब कुरैशी ने संदेह होते ही रुकने का इशारा किया तो वे बैग फेंककर भाग निकले, लेकिन ढाबा संचालक ने नौकरों के साथ पीछा कर उन्हें दबोच लिया। बैग में लैपटॉप, कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और हजारों की रकम समेत कुछ जरूरी सामान भी रखा था। सूचना मिलते ही दारोगा अनिल राणा और एमपी शर्मा मौके पर पहुंच गए जो आरोपियों को उनकी जीप समेत कोतवाली को ले आए।
इंस्पेक्टर एनके सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपी फईम निवासी चुचैला कला थाना धनौरा जनपद अमरोहा और क्षेत्र के गांव पौपाई का श्रीकांत है, जिन्होंने पूछताछ में बताया कि वे बसों में सफर करने वाले यात्रियों के बैग उड़ाने वाले गिरोह के सक्रिय सदस्य हैं। इस धंधे को काफी अरसे से करते आ रहे हैं। उन्हें केस दर्ज कर अदालत के आदेश पर जेल भेज दिया गया है।