घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास
हापुड़। कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी महिला ने पड़ोस के कुछ दबंगों पर घर में घुसकर मारपीट कर दुष्कर्म के आरोप की कोतवाली में तहरीर दी। इस पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक मोहल्ला निवासी एक महिला ने बताया कि उसका पति एक मानसिक रोगी है, जिसका इलाज नगर के एक अस्पताल में चल रहा है। पति को पेशे से मजदूर होने के कारण अक्सर शहर से बाहर काम करने के जाना पड़ता है। कुछ दिन पहले उसके पति की गैरमौजूदगी में पड़ोस में रहने वाले कुछ दबंगों ने उसके साथ अश्लील हरकतें कर दी थीं। इसकी जानकारी महिला ने अपने पति को दी। इस पर महिला के पति ने उक्त लोगों से इस मामले की शिकायत की और दोबारा ऐसी हरकतें करने पर पुलिस से शिकायत करने की बात कही।
आरोप है कि इसी बात से क्षुब्ध होकर उक्त लोग 12 तारीख की रात को करीब एक बजे पीड़िता के घर में घुस आए और महिला व उसके पति के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर उक्त लोगों ने महिला के साथ दुष्कर्म करने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी मौके से फरार हो गए।
पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली प्रभारी पंकज लवानिया ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मामले में लिप्त आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।