मासूम से दुष्कर्म का आरोपी दबोचा
- पांच बच्चों के पिता ने बनाया था बच्ची को हवस का शिकार
- पुलिस ने पॉस्को अधिनियम के तहत एफआईआर दर्ज कर भेजा जेल, बच्ची की हालत में सुधार
अमर उजाला ब्यूरो
हापुड़। गढ़ गेट पुलिस चौकी स्थित मोहल्ले निवासी पांच वर्षीय मासूम से दुष्कर्म करने वाले दरिंदे को पुलिस ने घटना के सात घंटे बाद ही दबोचकर खुलासा कर दिया। पकड़ा गया आरोपी पांच बच्चों का पिता है। पुलिस ने आरोपी को पॉस्को अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया।
देहात थाना क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी एक व्यक्ति की पांच वर्षीय पुत्री अपनी बहन के साथ दुकान पर टॉफी लेने गई थी। इसी दौरान वह लापता हो गई। रात के समय बच्ची लहूलुहान हालत में रेलवे लाइन के पास पड़ी हुई मिली थी। जिसके बाद मोहल्लों के लोगों ने पुलिस को सूचित करते हुए हंगामा किया था।
शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में एएसपी राम मोहन सिंह ने बताया कि मोहल्ले का ही रहने वाला आरोपी मासूम को दुकान से टॉफी दिलाकर रेलवे ट्रैक के पास बने खत्तों पर ले गया। जहां आरोपी ने मासूम बच्ची के साथ हैवानियत की सारी हदें पार की और लहूलुहान हालत में बदहवास हालत में छोड़कर फरार हो गया।
मोहल्ले के लोगों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने देर रात आरोपी के घर दबिश देकर उसे दबोच लिया। करीब 35 वर्षीय आरोपी मजदूरी का काम करता है और पांच बच्चों का पिता है। उधर, अस्पताल में भर्ती बच्ची की हालत में सुधार है।
बच्ची को देखने पहुंची जिला सह परिविक्षा अधिकारी-
महिला व बाल शोषण के मामले देखने वाली जिला सह परिविक्षा अधिकारी डा. निशा रावत ने अस्पताल पहुंचकर बच्ची का हालचाल लिया और परिजनों से घटना के बारे में पूछताछ की। उन्होंने सरकारी अस्पताल पहुंचकर मेडिकल के संबंध में भी जानकारी की।
फोटो फाइल संख्या 29एचपीआर पीएच-04
सीओ, चिकित्सक की हाथापाई ने पकड़ा तूल
- सीओ पर कार्रवाई की मांग पर अड़े चिकित्सक
- 72 घंटे में नहीं हुई कार्रवाई तो होगी प्रदेशव्यापी हड़ताल
हापुड़। गढ़ रोड स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर दुष्कर्म पीड़िता बच्ची के मेडिकल को लेकर बृहस्पतिवार रात सीओ और चिकित्सक के बीच हुई हाथापाई के मामले ने तूल पकड़ लिया है। शुक्रवार को प्रादेशिक मेडिकल एसोसिएशन के आह्वान पर चिकित्सकों ने बैठक कर सीओ पर 72 घंटे के अंदर कार्रवाई न होने पर प्रदेशव्यापी हड़ताल का अल्टीमेटम दिया है।
प्रादेशिक मेडिकल एसोसिएशन के जिला सचिव डा.राकेश अनुरागी ने बताया कि बृहस्पतिवार रात सीओ ने चिकित्सक के साथ अभद्रता की और पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया जो गलत था। साढ़े तीन घंटे तक चिकित्सक को अस्पताल से बाहर रखा गया। उन्होंने तीन दिन में सीओ के खिलाफ कार्रवाई न होने पर प्रदेशव्यापी हड़ताल की चेतावनी दी है। बैठक में एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष डा.सुरेश यादव, सीएचसी अधीक्षक डा.राजेंद्र गुप्ता समेत चिकित्सक स्टॉफ मौजूद रहे।