हापुड़। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी रवीश गुप्ता ने कैली उपकेंद्र का निरीक्षण कर अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा की। साथ ही हापुड़ में हजारों नलकूप किसानों के बिल में जुड़कर आ रही काल्पनिक राशि को लेकर अधिशासी अभियंताओं को निर्देश दिए।
कैली बिजलीघर के निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने 33/11 केवी स्विचयार्ड, पावर परिवर्तक और वीसीबी तथा स्विचयार्ड के रख-रखाव के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता सुभाष चंद्र ने बताया की अनुरक्षण माह के तहत उपकेंद्र के स्विचयार्ड, पावर परिवर्तक की मरम्मत, सिलिका जैल बदलने और 11 केवी वीसीबी के रख रखाव का कार्य पूर्ण किया जा चुका है।
आगामी होली के त्योहार को देखते हुए प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ताओं को बिना किसी बाधा के बिजली मिलनी चाहिए। किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए प्रबंध निदेशक ने निजी नलकूप संयोजनों पर चल रहे काल्पनिक बकाये के बिलों की समीक्षा की।
उन्होंने सभी अधिशासी अभियंताओं को निर्देशित किया कि वह विभाग की एसओपी के अनुसार इन बिलों को जल्द से जल्द सही करें। साथ ही, उन्होंने इस योजना का लाभ अधिक से अधिक किसानों तक पहुँचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर जोर दिया। बैठक में अधीक्षण अभियंता सुभाष चंद्र, अधिशासी अभियंता सचिन द्विवेदी, मनीष यादव, सूर्यअंश कुमार आदि मौजूद रहे।