फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hapur News: प्रेमिका पर धोखा देने का आरोप लगा युवक ने की आत्महत्या

विज्ञापन
विज्ञापन
सिंभावली। थाना क्षेत्र के गांव फरीदपुर गुंसाई में प्रेम प्रसंग से आहत आदित्य (28) पुत्र नरेश ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक ने आत्मघाती कदम उठाने से पहले सोशल मीडिया पर डीएम के नाम एक पत्र लिखकर अपनी प्रेमिका पर धोखा देने और मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
विज्ञापन

शुक्रवार को आदित्य का शव घर के कमरे में फंदे पर लटका देख परिजनों में कोहराम मच गया। तुरंत ही युवक को नीचे उतारकर स्थानीय चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। आत्महत्या से पूर्व युवक द्वारा सोशल मीडिया पर डीएम अभिषेक पांडे के नाम लिखे गए पत्र ने मामले को गंभीर बना दिया है। सोशल मीडिया पर वायरल पत्र में युवक ने आरोप लगाया कि गढ़ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती से उसका करीब सात वर्षों से प्रेम संबंध था।
हाल ही में युवती का विवाह गाजियाबाद क्षेत्र के किसी अन्य युवक से तय हो गया। इसके बाद उसके व्यवहार में बदलाव आ गया। पत्र में युवक ने लिखा कि युवती उसे अपने भाइयों से जान से मरवाने और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रही थी।
विज्ञापन

इन परिस्थितियों से मानसिक रूप से परेशान होकर आदित्य ने आत्महत्या जैसा कदम उठाने की बात कही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और युवक की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि वायरल पत्र वास्तविक है या नहीं तथा आत्महत्या के पीछे वास्तविक परिस्थितियां क्या रहीं।
प्रेम संबंध बना तनाव का कारण
बताया जा रहा है कि युवक लंबे समय से प्रेम संबंध को लेकर मानसिक तनाव में था। युवती का रिश्ता अन्यत्र तय होने के बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। इससे युवक गहरे अवसाद में चला गया।
वायरल पत्र से बढ़ी संवेदनशीलता
सोशल मीडिया पर डीएम के नाम लिखे गए पत्र के वायरल होने के बाद मामला संवेदनशील हो गया है। पुलिस डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर पत्र की सत्यता और परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।
बिना सूचना किया अंतिम संस्कार
आदित्य की मौत के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना अंतिम संस्कार कर दिया। अब पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और परिस्थितियों की अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है।
कोट
संबंधित मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है, बावजूद इसके सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के आधार पर विभिन्न बिंदुओं पर जांच कराई जा रही है। स्तुति सिंह, सीओ
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें