अमेरिका और इस्राइल की ईरान पर संयुक्त सैन्य कार्रवाई के बाद बढ़ते तनाव से जिले के उन परिवारों की चिंता बढ़ गई है, जिनके सदस्य दुबई व अन्य खाड़ी देशों में कार्यरत हैं। लगातार हमलों की खबरों के बीच परिजन दुआओं और फोन संपर्क के सहारे सलामती की उम्मीद लगाए हैं।
पश्चिम एशिया में अमेरिका और इस्राइल द्वारा ईरान पर की गई संयुक्त सैन्य कार्रवाई के बाद लगातार बढ़ रहे युद्ध जैसे हालातों ने जिले के कई परिवारों की चिंता बढ़ा दी है। क्षेत्र के काफी संख्या में युवक दुबई, इस्राइल समेत अन्य खाड़ी देशों में रहकर नौकरी कर रहे हैं, जिनके परिजन यहां गांवों में बेचौनी के बीच दिन-रात अपनों की सलामती की दुआ कर रहे हैं।
विज्ञापन
रमजान माह के कारण मुस्लिम परिवार विशेष रूप से इबादत और दुआओं में जुटे हुए हैं। कई परिवारों ने बताया कि युद्ध की खबरें सामने आने के बाद से ही घरों में टीवी लगातार चालू है और मोबाइल फोन पर बार-बार संपर्क कर हालचाल लिया जा रहा है।
इंटरनेट और नेटवर्क बाधित होने की आशंका के कारण परिजन हर कॉल को लेकर चिंतित बने हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि विदेशों में कार्यरत उनके बच्चे सुरक्षित क्षेत्रों में हैं, लेकिन लगातार हो रहे हवाई हमलों और जवाबी कार्रवाई की खबरों से डर का माहौल बना हुआ है। कई परिवारों ने वीडियो कॉल के माध्यम से अपने बेटों से भारत वापस लौटने की अपील भी की है।