सिंभावली। सिंचाई विभाग के कर्मचारी ने बक्सर नहर पटरी से अवैध मिट्टी खनन का आरोप लगाया है। इसके अलावा अनूपशहर गंगा नहर पटरी किनारे अवैध खनन से हरे पेड़ों को भी क्षतिग्रस्त करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है।
सिंचाई विभाग में सींचपाल के पद पर कार्यरत विजयपाल सिंह ने तहरीर में उल्लेख किया है कि वह क्षेत्र की भरना चौकी पर तैनात हैं।
शुक्रवार की रात कुछ लोगों ने सिंचाई विभाग नहर अनूपशहर शाखा के बक्सर रेग्यूलेटर के नीचे से बड़े स्तर पर अवैध रूप से मिट्टी का खनन किया है। इसके अलावा बुलडोजर और डंपरों के जरिये गांव वैठ व सहसपुरा के पुल के बीच में से बायीं पटरी से भी मिट्टी व सिल्ट चोरी की गई है। सींचपाल ने तहरीर देते हुए आरोपियों की पहचान और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा तेजपाल सिंह ने तहरीर देते हुए बताया कि अनूपशहर शाखा गंगा नहर पटरी पर गांव हरोड़ा निवासी व्यक्ति काफी समय से खनन करा रहा है। जिस कारण दर्जनों हरे पेड़ नष्ट हो गए।
मामले में सीओ राहुल यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर टीम को भेजकर जांच कराई जाएगी। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।