हापुड़। भाजपा के जिला कार्यालय पर बुधवार को आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर व्यक्तिगत तंज कसा। उन्होंने दोनों के ऊपर तीखी टिप्पणी की है। इसके साथ ही कांग्रेस और सपा पर परिवार वाद के आरोप लगाए। उनका यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस का अगला नेता कौन होगा, इसे लेकर बड़ा सवाल है। अब 55 वर्ष की उम्र में राहुल गांधी की शादी मुश्किल लग रही है। गांव-गांव में लोग जानते हैं कि कांग्रेस में गांधी परिवार से ही अगला नेता होता है। जब राहुल गांधी की शादी ही नहीं हुई है तो फिर अगला नेता कौन बनेगा ? प्रियंका गांधी के बेटे और बेटी में से ही कोई बनेगा। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की उम्र में शादी कहां होती है, बोले- कोई जुगाड़ है क्या? हमारी सनातन संस्कृति में तो गढ़ के मेले में ऐसे लोगों को माला लेकर बैठा देते हैं, कहते हैं भैया राम नाम जप। इसलिए प्रियंका गांधी के बेटा या बेटी ही नेता बनेंगे।
उन्होंने सपा पर टिप्पणी करते हुए कहा कि इस पार्टी का अगला अध्यक्ष अखिलेश यादव के बेटे या बेटी में से ही जो सक्रिय होगा, वह बनेगा। उनके चाचा या चाचा के बेटे का नंबर भी नहीं आने वाला है। उन्होंने आगे कहा कि बाल ठाकरे ने हिंदू सनातन की सबसे बड़ी पार्टी शिवसेना बनाई थी। राज ठाकरे को आगे करते तो पार्टी सही से चलती रहती। पुत्र मोह ने पार्टी को खत्म कर दिया। इसी प्रकार एनसीपी ने अपने भतीजे की जगह पुत्री को आगे बढ़ाने का काम किया है। वह भाजपा द्वारा नितिन नबीन को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से यह संवाद किया।