हाईवे पर धंसा ओवरब्रिज का किनारा। संवाद
गढ़मुक्तेश्वर। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन और विभिन्न विभाग तैयारियों में जुटे हैं, लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर बदरखा फ्लाईओवर के पास हाईवे के किनारे कई स्थानों पर धंसे होने से श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीण सत्यनारयण का कहना है कि यदि समय रहते इन स्थानों की मरम्मत नहीं कराई गई तो कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा हो सकता है। गढ़ निवासी अतुल पंडित ने बताया कि बदरखा फ्लाईओवर के पास हाईवे किनारे कई जगह सड़क की साइड धंस चुकी है।
बारिश के कारण मिट्टी कटने से स्थिति और गंभीर हो गई है। ऐसे में यदि कोई वाहन किनारे उतरता है या कांवड़ियों की भीड़ के बीच संतुलन बिगड़ता है तो दुर्घटना की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता। कांवड़ यात्रा के दौरान इसी मार्ग से हजारों श्रद्धालु ब्रजघाट से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जाते हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को कई बार सड़क किनारे हुए धंसने की जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। एनएचएआई पीडी अरविंद कुमार का कहना है कि कार्यदायी संस्था और टीम के अधिकारियों को भेजकर निरीक्षण किया जा रहा है, जिन स्थानों पर समस्या है, वहां पर सुधार कराया जाएगा।