जिले की सीएचसी/पीएचसी में तैनात चिकित्सक अब अधीक्षकों से छुट्टी लेकर नहीं जा सकेंगे। चिकित्सकों को अवकाश के लिए अब सीएमओ दफ्तर पर अर्जी लगानी होगी। बिना सीएमओ की अनुमति के छुट्टी पर जाने वाले चिकित्सकों पर कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।
अब से पूर्व सीएचसी/पीएचसी में तैनात चिकित्सक जुगाड़बाजी कर अधीक्षकों से छुट्टी लेकर चले जाते थे। इसके चलते मरीजों को समय पर इलाज नहीं मिल पाता था। जिले के सीएचसी/पीएचसी पहले ही स्टॉफ की कमी से जूझ रहे हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ ने अधीक्षक स्तर से छुट्टी लेने के नियम को खत्म कर दिया है। अब चिकित्सकों को छुट्टी चाहिए तो उन्हें सीएमओ के पास अर्जी देनी होगी। सीएमओ अस्पताल की व्यवस्था पर विचार कर चिकित्सकों को छुट्टी देंगे। हालांकि अवकाश उन्हीं चिकित्सकों को मिल सकेगा जिन्हें वास्तव में जरूरी काम होगा।
सीएमओ डॉ. एके सिंह ने बताया कि अधीक्षक स्तर से चिकित्सक जान बूझकर अधिक छुट्टियां लेते हैं। इससे अस्पतालों की व्यवस्था बिगड़ रही है। अब अधीक्षक किसी भी चिकित्सक को अपने स्तर से अवकाश नहीं दे सकेंगे। बिना बताए अवकाश पर रहने वाले चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।