बकाया गन्ना भुगतान न मिलने के विरोध में भाकियू भानु गुट ने रविवार को सिंभावली थाने का घेराव कर जमकर हंगामा किया। कार्यकर्ताओं ने मिल प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर ज्ञापन भी सौंपा। भाकियू कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र गन्ना पेमेंट नहीं हुआ तो वे हाईवे जाम कर बेमियादी धरना भी देंगे।
भाकियू भानु गुट के कार्यकर्ता जिलाध्यक्ष पवन हुण के नेतृत्व में रविवार को सिंभावली में कार्यकर्ता जुटे। उन्होंने गन्ना पेमेंट न मिलने के विरोध में थाने का घेराव कर हंगामा किया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष कहा कि गन्ना पेमेंट न देने पर गन्ना समिति द्वारा मिल प्रबंधन के खिलाफ कई एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है, लेकिन इसके बाद भी शुगर मिल प्रबंधन से जुड़े अफसरों की गिरफ्तारी न हो पाना पुलिस-प्रशासन से मिलीभगत को दर्शाता है।
इस दौरान एसओ नरेंद्र शर्मा ने भरोसा दिलाया कि मिल अफसर या तो किसानों को भुगतान करेंगे अन्यथा उन्हें जेल की हवा खानी पड़ेगी। तब कहीं जाकर भाकियू कार्यकर्ताओं का गुस्सा शांत हुआ और वे एसओ ज्ञापन देकर लौट गए। हंगामे में करतार सिंह, सतेंद्र हूण, इंद्रेश सिंह, महेंद्र सिंह, संजीव, करतार, जयपाल सिंह समेत दर्जनों कार्यकर्ता रहे।