हापुड़। सीसीएसयू से संबद्ध कॉलेजों में प्रोफेशनल परीक्षाओं में नकल पकड़े जाने के बाद अब सतर्कता बढ़ा दी गई है। शुक्रवार को एसएसवी पीजी कॉलेज के गेट पर ही अभ्यर्थियों की तलाशी ली गई। फोन आदि अंदर नहीं जाने दिया। दोनों पालियों की परीक्षा नकलविहीन संपन्न हुई।
दिल्ली रोड स्थित एसएसवी पीजी कॉलेज में सुबह की पाली में 385 अभ्यर्थियों की परीक्षा थी। इनमें 361 ही परीक्षा देने पहुंचे, 24 ने परीक्षा छोड़ दी। दूसरी पाली में 231 अभ्यर्थी परीक्षा में पंजीकृत थे, इनमें 215 उपस्थित हुए 16 परीक्षा देने नहीं पहुंचे।
प्रोफेशनल कोर्स की परीक्षा में बृहस्पतिवार को चार अभ्यर्थी नकल करते पकड़े गए थे। ऐसे में सभी केंद्रों पर सतर्कता बढ़ा दी गई। कॉलेजों में मुख्य गेट पर ही अभ्यर्थियों की तलाशी ली गई। जिनके पास बैग या फोन था वह बाहर ही जमा कराया गया। आंतरिक उड़न दस्तों ने केंद्रों का निरीक्षण कर, व्यवस्था को परखा। परीक्षा केंद्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों से भी प्राचार्यों ने निगरानी की। शुक्रवार को दोनों ही पाली शांतिपूर्वक संपन्न हुई।
-
-एसएसवी पीजी कॉलेज बना प्रयोगात्मक/मौखिक परीक्षा केंद्र
वार्षिक प्रणाली के अंतर्गत एमए व एम.कॉम व्यक्तिगत परीक्षा वर्ष 2026 के समस्त विषयों की प्रयोगात्मक/मौखिक परीक्षा संपन्न कराने के लिए एसएसवी पीजी कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। इस केंद्र पर जिलेभर के 15 कॉलेजों के अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी। परीक्षा की तिथि अभी जारी नहीं की गई है।
-
-आज होने वाली परीक्षा स्थगित-
समस्त पारंपरिक और व्यवसायिक पाठ्यक्रमों की 9 मई को होने वाली समस्त परीक्षाएं स्थगित कर दी गई हैं, उक्त परीक्षाओं की नई तिथि अभी घोषित नहीं की गई हैं। कॉलेजों के नोटिस बोर्ड पर भी यह सूचना चस्पा की गई है।
-
-नकलविहीन संपन्न हुई परीक्षा-
दोनों पालियों की परीक्षा नकलविहीन व शांतिपूर्वक संपन्न हुई हैं। प्रयोगात्मक/मौखिक परीक्षा के लिए भी एसएसवी कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। आगामी परीक्षाएं भी नकलविहीन संपन्न होंगी।- प्रो.नवीन चंद्र, प्राचार्य एसएसवी पीजी कॉलेज