धौलाना। एनजीटी की सख्ती के बाद तहसील क्षेत्र के ग्राम सुखदेवपुर स्थित श्री साईं ब्रिक फील्ड पर शुक्रवार को प्रशासन एवं उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए ईंट भट्ठे को सील कर दिया। कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक अभिलेखों की जांच भी की।
संयुक्त टीम प्रभारी नायब तहसीलदार धौलाना दिव्यांशी सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की प्रधान पीठ ने धौलाना क्षेत्र में संचालित ईंट भट्ठों पर पर्यावरणीय मानकों के उल्लंघन के मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन एवं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। शिकायतकर्ता द्वारा आरोप लगाया गया था कि बंदी आदेशों के बावजूद भट्ठों का संचालन किया जा रहा है और पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी हो रही है।
शुक्रवार को उनके नेतृत्व में संयुक्त टीम ग्राम सुखदेवपुर पहुंची, जहां स्थित भट्ठे पर कार्रवाई करते हुए सीलबंदी की गई। जांच के दौरान पर्यावरणीय मानकों, संचालन संबंधी दस्तावेजों और सरकारी निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की गई। नायब तहसीलदार दिव्यांशी सिंह ने कहा कि शासन व एनजीटी के निर्देशों का उल्लंघन करने वाली इकाइयों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।