हापुड़। वार्षिक प्रणाली के अंतर्गत संचालित बीए.बीएड एवं बीएलएड वर्ष 2026 अंतिम वर्ष की प्रयोगात्मक परीक्षा संपन्न कराए जाने के लिए परीक्षकों के पैनल प्रेषित किए गए हैं। विश्वविद्यालय ने कॉलेजों को निर्देश दिए हैं कि आंतरिक और प्रयोगात्मक परीक्षा संपन्न कराकर सात दिन के अंदर पोर्टल पर अंक अपलोड किए जाएं।
विश्वविद्यालय से जारी अधिसूचना में कहा गया है कि विश्वविद्यालय का 38वां दीक्षांत समारोह जुलाई महीने में प्रस्तावित है। ऐसे में परीक्षा परिणाम घोषित करने में देरी न हो, इसके लिए समय से पोर्टल पर अंक अपलोड हो जाने चाहिए। इसमें देरी पर संपूर्ण दायित्व संबंधित कॉलेज का होगा।
साथ ही एनईपी के समस्त स्नातक/परास्नातक पाठ्यक्रमों व नवीन एनईपी प्रथम सेमेस्टर दिसंबर-2025 के आंतरिक, वाह्य, प्रयोगात्मक परीक्षा के अंक भी विश्वविद्यालय के ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। अंक अपलोड करने में यदि कोई परेशानी है तो इसके लिए हेल्पलाइन नंबर, 9258933900 या 9259089985 पर संपर्क किया जा सकता है।
विलंब शुल्क के साथ दो जून तक भरें परीक्षा फार्म
विश्वविद्यालय द्वारा बीएड प्रथम वर्ष के छात्रों के लिए विलंब शुल्क के साथ दो जून तक परीक्षा फार्म भरने का समय दिया गया है। समर्थ पोर्टल पर विषय चयन करने की अवधि का समय बीत गया है। पोर्टल पर ऑनलाइन परीक्षा शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि 28 मई, 250 रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फार्म भरने की तिथि 30 मई और 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फार्म भरने की अंतिम तिथि दो जून घोषित की है।
30 मई को होगी मौखिक परीक्षा
एमए अर्थशास्त्र द्वितीय वर्ष सत्र 2025-26 के व्यक्तिगत छात्र/छात्राओं के पेपर कोड जी-806 की मौखिक परीक्षा 30 मई को एसएसवी पीजी कॉलेज में होगी। इस कॉलेज को एकेपी, एसएसवी, आरएसएस, केडी, चौधरी महेंद्र सिंह, राजकुमार गोयल गल्र्स डिग्री कॉलेज के छात्र/छात्राओं का नोडल केंद्र बनाया गया है।
2047 छात्रों ने दी परीक्षा
दिल्ली रोड स्थित एसएसवी पीजी कॉलेज में दो पालियों में 2047 छात्रों ने परीक्षा दी। प्राचार्य प्रो.नवीन चंद्र ने बताया कि सुबह की पाली में पीजी एनईपी के 46 छात्रों में सभी उपस्थित रहे। प्रोफेशनल कोर्स की परीक्षा में सभी तीन छात्र उपस्थित रहे, मुख्य परीक्षा में 1286 छात्रों में 1140 उपस्थित रहे, 656 छात्रों में 616 उपस्थित रहे। शाम की पाली में 242 छात्रों ने परीक्षा दी। आंतरिक उड़न दस्ते में मुख्य नियंता डॉ. लक्ष्मण सिंह गौतम के नेतृत्व में केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
कोटअंक अपलोड करने के संबंध में विश्वविद्यालय के जो निर्देश मिले हैं, उनका पालन कराया जाएगा। कॉलेज में दो पालियों में आयोजित परीक्षा भी नकलविहीन संपन्न हुई है। -प्रो.नवीन चंद्र, प्राचार्य एसएसवी पीजी कॉलेज