फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Hapur News: सीबीएसई की परीक्षाएं 16 फरवरी से, हाईस्कूल की 22 दिन, इंटर की 53 दिन तक चलेंगी

विज्ञापन
विज्ञापन
हापुड़। सीबीएसई ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं की डेटशीट जारी कर दी है। परीक्षाएं 16 फरवरी से शुरू होंगी। हाईस्कूल की परीक्षाएं नौ मार्च तक यानी 22 कैलेंडर दिनों में पूरी होंगी, जबकि इंटरमीडिएट की परीक्षाएं नौ अप्रैल तक चलेंगी। इस तरह इंटर की परीक्षा का कार्यक्रम 53 दिनों तक रहेगा। बोर्ड ने परीक्षा शुरू होने से 101 दिन पहले डेटशीट जारी कर विद्यार्थियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय दिया है। जिले में 10वीं और 12वीं के करीब 4600 छात्र पंजीकृत हैं।
विज्ञापन

हाईस्कूल के मुख्य विषयों की परीक्षाओं के बीच भी तैयारी का अवसर रखा गया है। गणित की परीक्षा 17 फरवरी को होगी, जबकि विज्ञान का पेपर 22 फरवरी को निर्धारित है। दोनों परीक्षाओं के बीच चार पूरे दिन का अंतर रहेगा। इसके बाद अंग्रेजी की परीक्षा 26 फरवरी को होगी। हिंदी का पेपर तीन मार्च और सामाजिक विज्ञान की परीक्षा आठ मार्च को होगी। इन प्रमुख विषयों के बीच भी तीन से चार पूरे दिन पढ़ाई और रिवीजन के लिए मिलेंगे।
इंटरमीडिएट में भौतिक विज्ञान की परीक्षा 16 फरवरी, अकाउंटेंसी 23 फरवरी, भूगोल 25 फरवरी और रसायन विज्ञान 27 फरवरी को होगी। अंग्रेजी की परीक्षा पांच मार्च और गणित की परीक्षा नौ मार्च को निर्धारित है। इस तरह मुख्य विषयों के बीच अलग-अलग अंतराल रखा गया है, जिससे विद्यार्थी अगले पेपर की तैयारी कर सकें। इंटर में अकाउंटेंसी और भूगोल के बीच एक दिन, भूगोल और रसायन विज्ञान के बीच भी एक दिन का अंतर है। वहीं रसायन विज्ञान से अंग्रेजी तक पांच दिन और अंग्रेजी से गणित तक तीन दिन का अंतर मिलेगा। हिंदी की परीक्षा 13 मार्च को निर्धारित है। इसके बाद अर्थशास्त्र 16 मार्च और राजनीति विज्ञान 19 मार्च को होगा।
विज्ञापन


बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए महत्वपूर्ण टिप्स-
सरस्वती बाल मंदिर स्कूल के प्रधानाचार्य सुनील शर्मा ने बताया सीबीएसई बोर्ड परीक्षाओं की तारीख घोषित होने के बाद विद्यार्थियों के पास तैयारी के लिए लगभग तीन महीने का समय बचा है। ऐसे में घबराने के बजाय समय का सही प्रबंधन, नियमित अभ्यास और रिवीजन पर ध्यान देना जरूरी है। विद्यार्थी इन बिंदुओं को अपनाकर बेहतर तैयारी कर सकते हैं।
बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए 15 जरूरी टिप्स
1. तीन महीने का स्टडी प्लान बनाएं: बचे हुए समय को तीन हिस्सों में बांटें। पहले महीने में सिलेबस पूरा करें, दूसरे महीने में रिवीजन और तीसरे महीने में मॉडल पेपर व सैंपल पेपर हल करें।
2. कमजोर विषयों को दें ज्यादा समय: जिन विषयों या अध्यायों में परेशानी है, उनकी अलग सूची बनाएं। रोजाना उन पर अतिरिक्त समय दें।
3. एनसीईआरटी की किताबों पर करें फोकस: सीबीएसई बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए एनसीईआरटी की किताबों को प्राथमिकता दें। प्रत्येक अध्याय के महत्वपूर्ण प्रश्नों और अभ्यास को अच्छी तरह तैयार करें।
4. रोजाना पढ़ाई का लक्ष्य तय करें: कितने घंटे पढ़ना है, इसके बजाय प्रतिदिन कितने अध्याय या टॉपिक पूरे करने हैं, इसका लक्ष्य निर्धारित करें।
5. पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करें: पिछले पांच वर्षों के प्रश्नपत्र हल करने से परीक्षा के पैटर्न, प्रश्नों के स्तर और महत्वपूर्ण टॉपिक की जानकारी मिलेगी।
6. सैंपल पेपर से करें अभ्यास: सीबीएसई की ओर से जारी सैंपल पेपर निर्धारित समय में हल करें। इससे परीक्षा के दौरान समय प्रबंधन में मदद मिलेगी।
7. लिखकर याद करने की आदत डालें: केवल पढ़ने से तैयारी पूरी नहीं होती। महत्वपूर्ण उत्तर, परिभाषाएं, सूत्र और डायग्राम लिखकर अभ्यास करें।
8. हर सप्ताह खुद का टेस्ट लें: सप्ताह में एक दिन पढ़े गए विषयों का टेस्ट दें। इससे अपनी तैयारी का स्तर और कमजोरियों का पता चलेगा।
9. रिवीजन के लिए अलग समय रखें: जो भी पढ़ें, उसका उसी दिन दोहराव करें। सप्ताह के अंत में पूरे सप्ताह की पढ़ाई का रिवीजन जरूर करें।
10. महत्वपूर्ण सूत्र और नोट्स तैयार करें: गणित, विज्ञान और अन्य विषयों के महत्वपूर्ण सूत्र, तिथियां, परिभाषाएं और मुख्य बिंदुओं के छोटे नोट्स बनाएं।
11. मोबाइल और सोशल मीडिया से दूरी बनाएं: पढ़ाई के समय मोबाइल फोन और सोशल मीडिया से दूरी रखें। ऑनलाइन पढ़ाई के लिए भी निर्धारित समय तय करें।
12. लंबे समय तक लगातार न पढ़ें: 40-50 मिनट पढ़ाई के बाद 5-10 मिनट का ब्रेक लें। इससे एकाग्रता बनी रहती है और थकान कम होती है।
13. समय सीमा में उत्तर लिखने का अभ्यास करें: परीक्षा में सभी प्रश्न हल करने के लिए उत्तरों की लंबाई और समय का संतुलन बनाना सीखें।
14. नींद और खानपान का रखें ध्यान: प्रतिदिन 7-8 घंटे की नींद लें। संतुलित भोजन करें और पढ़ाई के साथ हल्का व्यायाम भी करें।
15. तनाव से बचें, आत्मविश्वास बनाए रखें: दूसरे विद्यार्थियों से अपनी तुलना न करें। अपनी तैयारी और प्रगति पर ध्यान दें। किसी विषय में परेशानी होने पर शिक्षक या अभिभावक की मदद लें।

तीन महीने की तैयारी का रोडमैप
*समय तैयारी का लक्ष्य
*पहला महीना सिलेबस पूरा करना और कमजोर टॉपिक पर काम
*दूसरा महीना सभी विषयों का रिवीजन और लिखकर अभ्यास
*तीसरा महीना सैंपल पेपर, पिछले प्रश्नपत्र और मॉक टेस्ट

शिक्षकों और अभिभावकों के लिए सुझाव
दिल्ली पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य मीना आनंद ने बताया ने विद्यार्थियों पर अंकों का दबाव बनाने के बजाय उनकी तैयारी में सहयोग करें। उनकी कमजोरियों को समझें, नियमित पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करें और परीक्षा के दौरान सकारात्मक माहौल बनाए रखें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें