धर्म जागरण समन्वय विभाग के कार्यकर्ता की सूचना पर पुलिस ने कैंटर में कटान के लिए भूसे की तरह भरकर जा रहे मवेशियों को पिलखुवा बस स्टैंड पर पकड़ लिया। दोनों तस्कर मौके से भाग निकले। कैंटर में 28 मवेशी भरे हुए थे।
इससे गुस्साए धर्म जागरण समन्वय विभाग के कार्यकर्ताओं ने चौकी पर पहुंच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
मंगलवार दोपहर धर्म जागरण समन्वय विभाग के कार्यकर्ता टिंकू तोमर ने कटान के लिए हापुड़ से डासना की तरफ जा रहे मवेशियों से भरे कैंटर को देखा तो तुरंत पुलिस को सूचित किया।
सूचना पर पुलिस ने पिलखुवा बस स्टैंड पर चेकिंग कर कैंटर को पकड़ लिया। जबकि दो तस्कर भाग गए। कार्यकर्ताओं ने पुलिस की मदद से कैंटर में भरे मवेशियों को बाहर निकाला।
धर्म जागरण समन्वय विभाग के प्रांत परियोजना प्रमुख ब्रह्मगिरि महाराज भी कार्यकर्ताओं के साथ बस अड्डा चौकी पर पहुंचे और पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की।
चौकी इंचार्ज शिवकुमार मलिक ने बताया कि कैंटर में 28 मवेशी थे। इन्हें ग्रामीणों के सपुर्द कर दिया गया है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।