हापुड़ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस ने धौलाना थाना इलाके के ग्राम निधावली की एक महिला की तहरीर पर ग्राम प्रधान पति व उसके समर्थकों समेत 17 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पीड़िता के मुताबिक गत 8 नवंबर को ग्राम प्रधान पति भारत यादव ने पुरानी रंजिश के चलते उसके निर्माणाधीन कार्य को ध्वस्त करते हुए अपने समर्थकों के साथ उस पर धावा बोल दिया।
इस दौरान ग्राम प्रधान पति अपने समर्थकों प्रवीन नीतू,अनिल, मुकेश, रामभूल, सतपाल चन्द्रपाल एवं आधा दर्जन से उपर अज्ञात लोगों के साथ एक राय होकर उसके निर्माणाधीन कार्य स्थल पर पहुंचे और जमकर अभद्रतापूर्ण व्यवहार किया।
विरोध करने पर भरत यादव ने मारपीट कर दी। मौके पर मौजूद पीड़िता की बहन ने उसे बचाया तो सभी ने एक राय होकर उसके साथ मारपीट की, साथ ही छेड़छाड़ भी की। निर्माणाधीन कार्य भी ढहाकर ध्वस्त करते हुए कहा कि यह तो ट्रेलर है यदि निर्माण कार्य किया तो उपर पहुंचा दिया जाएगा।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई लेकिन पुलिस ने पीड़िता की तहरीर तक नहीं ली और आरोपियों को शांति भंग करने के आरोप में पाबंद करते हुए चालान कर दिया। लेकिन दबंग प्रधान पति और उसके समर्थकों से उसे जान-माल का खतरा होने की जानकारी के बाद भी पुलिस ने जब आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की तो एसपी दीपक भूकर से गुहार लगाई गई।
एसपी के आदेश पर मामला दर्ज किया गया है। उधर आरोपी प्रधान पति भरत यादव का कहना है मामला ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे से जुड़ा है। एसडीएम के आदेश पर खसरा नंबर 244 पर वर्षों से किए गए कब्जे को मुक्त कराने लेखपाल आए थे।
मौके पर दीवार बनाई जा रही थी। पीड़िता ने फर्जी मामला दर्ज कराया है। पुलिस के मुताबिक मामला ग्राम सभा की जमीन से जुड़ा है। तहसील प्रशासन ने जल्द ही मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करने की बात कही है। मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। ग्राम प्रधान का आरोप है कि ज़मीन ग्राम समाज की है।