गढ़मुक्तेश्वर। कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे-9 पर गांव अठसैनी के निकट खड़े मिनी ट्रक में तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर भिड़ गई। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है।
जनपद रामपुर के कुकड़ी खेड़ा निवासी फुरकान ने बताया कि शुक्रवार की देर रात को उसका भाई नूर अहमद (35) वर्षीय अपने अन्य भाइयों के साथ राशिद को दिल्ली एयरपोर्ट पर छोड़ने के लिए गया था। वहां से लौटने के दौरान शनिवार की सुबह कार गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव अठसैनी के पास पहुंची तो हाईवे किनारे खड़े मिनी ट्रक में अनियंत्रित होकर जा घुसी, जिसके चलते कार में सवार नूर अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं कार में फंसे अन्य दो लोगों में चीख पुकार मच गई। जिसके बाद राहगीरों और गांव के लोगों ने घायलों को किसी तरह कार से बाहर निकाला। वहीं पुलिस को भी सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंचे पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल भेजा। वहीं मृतक के परिजनों को भी इस संबंध में जानकारी दी गई। जिसके बाद परिजन भी गढ़ कोतवाली में पहुंच गए। सीओ आशुतोष बताया कि नूर अहमद के शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। वहीं घायल सलीम, जमशेद को स्थानीय चिकित्सकों ने गंभीर हालत में मेरठ के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया है।