हापुड़। देहात थाना क्षेत्र के अंतर्गत ततारपुर बाईपास के पास देर रात एक रोडवेज बस आगे चल रहे कैंटर से भिड़ गई। जिसमें दोनों के चालक समेत नौ लोग घायल हो गए। मामूली रूप से घायल यात्रियों को छुट्टी दे दी गई, जबकि रोडवेज बस के चालक को गंभीर रूप में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गढ़ डिपो की एक रोडवेज बस शनिवार देर रात दिल्ली जा रही थी। जैसे ही बस हाईवे-9 पर ततारपुर के पास पहुंची तो आगे चल रहे कैंटर का टायर फट गया। अचानक कैंटर रुकने के कारण रोडवेज बस पीछे से उसमें भिड़ गई। दुर्घटना में रोडवेज बस का चालक मनोज कुमार निवासी बहादुरगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि कैंटर चालक सतेंद्र निवासी बिहार और सात यात्री भी घायल हो गए। मौके पर पहुंची देहात पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। देहात थाना प्रभारी दिलीप कुमार बिष्ट ने बताया कि घटना में यात्रियों को अधिक चोट नहीं आई और वे मरहम पट्टी कराकर गंतव्य को रवाना हो गए।