हापुड़ से मोदीनगर होते हुए गाजियाबाद तक हापुड़ डिपो की बस सेवा जल्द ही शुरू होने वाली है। एआरएम ने मुख्यालय प्रस्ताव बनाकर भेज दिया है। बस सेवा शुरू होने से यात्रियों को काफी राहत मिलेगी।
हापुड़ डिपो द्वारा विभिन्न मार्गों पर 110 बसें संचालित हैं। इनमें हापुड़ से मोदीनगर मार्ग पर 15 बसें चलाई जाती हैं। शाम सात बजे के बाद बसों का संचालन बंद हो जाता है।
इस रूट पर बहुत से यात्री ऐसे हैं जो गाजियाबाद तक जाना चाहते हैं। इन्हें मोदीनगर के बाद दूसरे डिपो की बसों में सफर कर गाजियाबाद जाना पड़ता है।
अब जल्द ही यात्रियों को हापुड़ से मोदीनगर होते हुए गाजियाबाद जाने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। एआरएम ने गाजियाबाद तक बस सेवा शुरू कराने का प्रस्ताव भेज दिया है।
एआरएम धीरज सिंह पवार ने बताया कि हापुड़ से मोदीनगर होते हुए गाजियाबाद तक बसें चलाने की योजना बनाई गई है। प्रस्ताव पर हस्ताक्षर होते ही छह बसें संचालित कर दी जाएंगी।
उल्लेखनीय है कि हापुड़ डिपो की लंबी दूरी पर दिल्ली से चलने वाली अनेक बसों को पहले मोदीनगर, गाजियाबाद होकर दिल्ली भेजा था। काफी समय से यह सेवा बंद है।