गढ़ के रोडवेज बस स्टैंड में खड़ी बस के शीशे क्षतिग्रस्त। संवाद
गढ़मुक्तेश्वर। सर्दी का मौसम शुरू होने वाला है लेकिन गढ़ डिपो की बसों में अभी तक जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की गई हैं। डिपो की कई बसों की फॉग लाइटें खराब पड़ी हैं, जबकि कुछ बसों के शीशे भी टूटे हुए हैं। ऐसे में सर्दियों के दौरान यात्रियों को सफर में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, घने कोहरे में फॉग लाइटें खराब होने से बस चालकों को भी वाहन चलाने में दिक्कत होगी।
यात्री दिग्विजय सिंह ने बताया कि डिपो की कई बसों में रखरखाव की कमी साफ दिखाई दे रही है। बसों के शीशे टूटे होने से ठंडी हवा अंदर आती है, जिससे सर्दी के मौसम में यात्रियों को परेशानी होगी। इसके अलावा खराब फॉग लाइटों के कारण कोहरे में सफर करना जोखिम भरा हो सकता है। दीपक शर्मा का कहना है कि मौसम में बदलाव के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी बसों में जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं। यात्रियों ने रोडवेज अधिकारियों से बसों की मरम्मत कराने, फॉग लाइटें ठीक कराने और टूटे शीशे बदलवाने की मांग की है, ताकि सर्दियों में सुरक्षित और सुविधाजनक सफर मिल सके।
एआरएम हेमंत मिश्रा का कहना है कि सर्दियों से पहले सभी बसों की मरम्मत कराई जा रही है। जल्द ही सभी बसें दुरूस्त करा दी जाएंगी।