सिंभावली और गढ़ क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर अलग-अलग हादसों में एक बच्चे समेत सात घायल हो गए। आस पास के लोगों ने घायलों को पास निजी अस्पताल में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने तीन की हालत गंभीर होते देख मेरठ रेफर कर दिया।
जनपद मुरादाबाद के गांव रसूलपुर निवासी देंवेंद्र काफी समय से कैंसर से पीड़ित चल रहा है। उसका उपचार दिल्ली के कैंसर हॉस्पिटल में चल रहा था। बुधवार की रात कीमोथेरेपी कराने के बाद परिजन उसे एंबुलेंस से लेकर मुरादाबाद के लिए लौट रहे थे।
रास्ते में नेशनल हाईवे पर सिंभावली के गांव सिखैड़ा के पास अचानक एंबुलेंस के सामने एक पशु आ गया। इसको लेकर चालक रवि निवासी खानपुर दिल्ली ने तेजी से ब्रेक लगाए, जिससे एंबेलेंस पशु से जा टकराई।
घटना में रवि समेत देवेंद्र, चरन सिंह और नीरज घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को स्थानीय नर्सिंगहोम में भर्ती कराया। वहीं गजरौला निवासी कौशल नोएडा की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है।
वह बृहस्पतिवार को पत्नी शैफाली और बेटे यश के साथ बाइक से गजरौला लौट रहा था। नेशनल हाईवे पर गांव सरूरपुर के पास पीछे से आ रहे तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
पुलिस ने सभी घायलों को पीएचसी में भर्ती कराया। यहां चिकित्सकों ने तीनों को गंभीर हालत में मेरठ के लिए रेफर कर दिया है। एसएसआई गोपाल शर्मा ने बताया कि ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।