ज्वैलरी पर एक्साइज ड्यूटी लगाए जाने के विरोध में दसवें दिन भी हापुड़ का सर्राफा बाजार बंद रहा। ड्यूटी हटाए जाने के मांग को लेकर सर्राफा कारोबारियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और वित्त मंत्री अरुण जेटली की तेरहवीं मनाई। व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि जब एक्साइज ड्यूटी वापस नहीं ली जाती उनका विरोध जारी रहेगा। उधर सर्राफा बाजार बंद रहने से ग्राहकों को परेशानी हुई।
प्रदर्शन में युवा सर्राफा व्यापारी सौरभ कुमार ने कहा कि सर्राफा कारोबार पर वित्त मंत्री अरुण जेटली ने एक्साइज ड्यूटी थोप दी। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। स्वर्णकार संघ के महामंत्री राधेश्याम वर्मा ने कहा कि सरकार कब तक व्यापारियों का उत्पीड़न करती रहेगी।
सर्राफा एसोसिएशन के मंत्री शरद अग्रवाल ने कहा कि अब बहुत हो गया, सरकार को एक्साइज हटाकर व्यापारी उत्पीड़न खत्म कर व्यापारियों का साथ देना चाहिए। सर्राफा बाजार में हड़ताल के दसवें दिन अरुण जेटली की तेरहवीं कार्यक्रम रखा गया। इसके बाद दुकानदारों ने चाय का स्टॉल लगाकर नई आजीविका प्रारंभ करने की बात कही।
विरोध प्रदर्शन में सर्राफा एसोसिएशन के प्रधान संजीव जैन, स्वर्णकार संघ के अध्यक्ष जयकुमार वर्मा, संजीव मंगल, राजू, खुभाष शर्मा, रॉबिन वर्मा, विजय मराठा, पोपट राव, माणिक, अशरफ सैफी, अरविन्द शर्मा, सेवक, अश्वनी, आशू, अनिल, प्रदीप, बबलू, चेतन, अमित, महेश, चंद सर्राफ, अमित शर्मा, देवेंद्र डीके., सौरभ, प्रीतम सेठी, बबलू, सुशील जिंदल, सुधीर, विकास, अनिल आदि मौजूद थे।