बीएसएनएल की दूरसंचार सेवा में सुधार होता नजर नहीं आ रहा है। शनिवार को बीएसएनएल की बेसिक फोन सुविधा फिर से ठप हो गई। करीब एक घंटे तक जिले में लगे 7 हजार बेसिक फोन शोपीस बने रहे।
भारत दूरसंचार निगम लिमिटेड के जिले में 7 हजार बेसिक फोन लगे हैं। आए दिन गाजियाबाद में लगी मशीनों में तकनीकी खराबी के कारण जिले के बेसिक फोन खनखनाना बंद कर देते हैं। शनिवार सुबह करीब 11.30 बजे अचानक जिले में लगे बेसिक फोन शोपीस बन गए।
नागरिक अपने सगे संबंधियों से संपर्क करने का प्रयास करते रहे, लेकिन एक घंटे तक बेसिक फोन से कोई कॉल नहीं की जा सकी। परेशान ग्राहक बीएसएनएल अफसरों से शिकायत करते रहे। दोपहर करीब 12.30 बजे संचार सेवा बहाल होने पर ग्राहकों ने राहत की सांस ली।
बीएसएनएल के डीईटी कृपाल सिंह का कहना है कि हापुड़ एक्सचेंज से कोई समस्या नहीं थी। गाजियाबाद से ही तकनीकी खराबी के चलते बेसिक फोन बंद रहे। हालांकि जल्द ही ग्राहकों को राहत दिला दी गई।