संवाद न्यूज एजेंसी
हाफिजपुर। थाना क्षेत्र के गांव इमटौरी में कुछ लोगों ने देवर-भाभी को लाठी-डंडों व ईंट से पिटाई कर दी। पिटाई से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित देवर की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी समेत चार व्यक्तियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव निवासी सोनू कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार को उनकी भाभी मीनाक्षी घर के बाहर खड़ी थीं। इसी बीच गांव की ही गीता, उनका पति किरनपाल, देवर शिवा व सोनू निवासी गांव मुदाफरा यहां आए और उनके भाई कहां है पूछने लगे। उन्होंने और उनकी भाभी ने आरोपियों से कारण पूछा तो आरोपियों ने गाली गलौज शुरू कर दी।
विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों व ईंट से उनकी व उनकी भाभी की जमकर पिटाई कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। लोगों को एकत्र होता देख आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी गीता, किरनपाल, शिवा व सोनू के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।