नोएडा और गाजियाबाद के बीच बीएसएनएल के अंडर ग्राउंड केबिल में फॉल्ट से जिले में लगे करीब 3500 ब्रॉडबैंड कनेक्शन डेढ़ घंटे तक ठप रहे। इससे ग्राहकों को जरूरी कार्य निपटाने में बेहद परेशानी हुई।
बीएसएनएल की इंटरनेट सेवा बदहाल हो चुकी है। आए दिन किसी न किसी कारणवश सेवा बाधित रहती है। निगम के अफसरों द्वारा हीलाहवाली के कारण समस्या बनी हुई है। शनिवार सुबह 10.30 बजे नोएडा और गाजियाबाद के बीच बीएसएनएल के अंडर ग्राउंड केबिल में फॉल्ट हो गया।
इससे जिलेभर में लगे करीब 3500 ब्रॉडबैंड कनेक्शन शोपीस बन गए। सुबह के समय ग्राहकों को जरूरी कार्य निपटाने में परेशानी हुई तो वह निगम अफसरों से सेवा बहाल होने के बारे में पूछताछ करने लगे।
लेकिन एक्सचेंज में समस्या न होने की बात कह अफसरों ने पल्ला झाड़ लिया। ग्राहकों को साइबर कैफे के सहारे अपना काम पूरा करना पड़ा। दोपहर 12 बजे सेवा बहाल होने पर ग्राहकों ने राहत की सांस ली।
बीएसएनएल के डीईटी कृपाल सिंह ने बताया कि अंडर ग्राउंड केबिल में फाल्ट से समस्या हुई। स्थानीय स्तर पर कोई फाल्ट नहीं था।