मोहल्ला शुक्लान में बुधवार की सुबह पाइप लाइन फटने से चार मकानों में दरार आ गई। इससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई, कुछ लोग घरों से निकलकर बाहर आ गए। इस बीच मोहल्ले वालों ने नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी व प्रदर्शन कर विरोध जताया।
सूचना मिलने पर नगर पालिका की टीम क्षेत्रीय सभासद के साथ मौके पर पहुंची और पड़ताल को शुरू की। कर्मचारी पाइप लाइन ठीक करने में जुट गए हैं। मोहल्ले के मूलचंद्र कौशिक ने बुधवार की सुबह अपने मकान में दरार पड़ी देखी।
इस पर उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाकर मकान की दरार को दिखाया। इसके बाद पड़ोसियों ने भी अपने मकान की दीवारों को चेक किया। इस दौरान कमल राज, महेश और आसे के मकान में भी दरार दिखाई दी।
इलाकाई लोगों ने जांच पड़ताल शुरू की तो पाइप लाइन अंदर से फटी मिली। लोगों का मानना है कि मकानों में दरार इसी वजह से पड़ी है। इसके बाद पूरे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। भय वश कुछ लोग परिवार समेत घरों से बाहर निकल आए।
मकानों में दरार पड़ने की जानकारी मिलने पर सभासद चेतन राणा ने नगर पालिका प्रशासक व एसडीएम हापुड़ मीनू राना को सूचना दी। बाद में नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान जांच पड़ताल कर पाइप लाइन ठीक करने का कार्य शुरू हुआ।
उधर, घटना के विरोध में मोहल्ले के लोगों ने नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान सोहनलाल, अमित, विनोद, अनिल, बच्चन, मंजू, चेतन, हरिओम व आदेश सहित मोहल्ले के तमाम लोग मौजूद रहे।
उधर, सभासद चेतन राणा ने बताया कि पाइप लाइन फटने के बाद मकानों में दरार आई हैं। नगर पालिका के कर्मचारी पाइप लाइन ठीक करने में जुटे हैं। जल्द फूटी पाइप लाइन को ठीक कर दिया जाएगा।