हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के स्वर्ग आश्रम रोड स्थित जिम के पास कुछ युवकों द्वारा दिनदहाड़े एक किशोर की बेल्टों व लात घूसों से पिटाई करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में आरोपी युवक किशोर से अपने पैर पकड़वाते नजर आ रहे हैं। हालांकि यह वीडियो एक सप्ताह पहले का बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में चार से पांच युवक दिनदहाड़े स्वर्ग आश्रम रोड स्थित एक जिम के पास किशोर को बेल्टों व लात घूंसों से बुरी तरह पीट रहे हैं। इनमें से ही किसी युवक ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। आरोपी युवक वीडियो में किशोर से अपने पैर भी पकड़वाते हुए भी दिखाई पड़ रहे हैं। वीडियो में किशोर आरोपियों से माफी मांगते हुए उसकी पिटाई न करने की विनती भी कर रहा है। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि वीडियो के माध्यम से आरोपी युवकों की पहचान कराई जा रही है। पीड़ित किशोर का पता लगाकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।