ब्रजघाट। शनिवार को गढ़ कोतवाली क्षेत्र के गांव बलवापुर के निकट जंगल में सड़क किनारे युवक और युवती घायल अवस्था में बेहोश मिले। जिसकी सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। पुलिस ने दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से चिकित्सकों ने दोनों को मेरठ के लिए रेफर कर दिया है। जहां युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
शनिवार की सुबह गांव बलवापुर के जंगल से किसान चारा लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान उन्होंने गांव के निकट सड़क किनारे 22 वर्ष युवती और 24 वर्षीय युवक को पड़ा हुआ देखा, जिन्हें मृत समझकर ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। युवक-युवती का शव मिलने की सूचना पर पुलिस तुरंत ही मौके पर पहुंच गई। ब्रजघाट चौकी प्रभारी इंद्रकात ने जांच की तो दोनों बेहोश मिले। जिसके बाद दोनों को गढ़ सीएचसी में भर्ती कराया गया। दोनों के सिर में गंभीर चोट लगने से काफी खून बहा चुका था। सूचना के बाद कोतवाली प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह भी सीएचसी पहुंच गए। जहां डॉ. आनंदमणि ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को मेरठ के लिए भेज दिया।
युवक के पास मिला हरियाणा का आधार कार्ड
अभी तक दोनों की शिनाख्त नहीं हो सकी है। हालांकि बताया गया है कि युवक के पास से उसकी जेब से एक आधार कार्ड बरामद किया गया है। जिस पर शनि निवासी रोहतक हरियाणा का पता लिखा हुआ है। हालांकि अभी तक पुलिस का दोनों के ही परिजनों से संपर्क नहीं हो सका है। पुलिस ने घटना स्थल से लेकर दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी है।
सिर और चेहरे पर चोट के निशान
सीएचसी में भर्ती कराए गए युवक और युवती के चेहरे और सिर में चोट के निशान है। दोनों के सिर पर भारी वस्तु से हमला किए जाने की आशंका है। हालांकि युवती के सिर में खुली चोट लगने के बाद उसको टांके लगा दिए गए, लेकिन युवक को होश नहीं आ सका है। मेरठ मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किए गए घायल युवक और युवती का अस्पताल में उपचार शुरू कर दिया गया है। चिकित्सकों के अनुसार युवक की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस की देख रेख में चल रहा उपचार
गढ़ सीएचसी से रेफर किए गए घायल युवक और युवती का मेरठ के अस्पताल में पुलिस सुरक्षा में उपचार किया जा रहा है। कोतवाली से एक महिला कांस्टेबल और एक कांस्टेबल की ड्यूटी वहां पर लगाई गई है।
कोट -
बलवापुर मार्ग पर सड़क किनारे मिले युवक-युवती के बेहोश होने के कारण उनकी शिनाख्त नहीं हो पाई है। युवक के पास से मिले आधार कार्ड के आधार पर संबंधित क्षेत्र के थाने को सूचित कर परिजनों से संपर्क का प्रयास किया गया है। अभी तक उनके परिजनों से कोई संपर्क नहीं हो सका है। दोनों मे से किसी एक के होश में आने के बाद ही घटना की सच्चाई का पता चल सकेगा। - आशुतोष शिवम, सीओ