नेशनल हाईवे-9 के नए बाईपास पर बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के कुचेसर रोड चोपला के पास शुक्रवार सुबह एक 38 वर्षीय युवक का शव पेड़ पर चादर के फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। हाईवे किनारे शव मिलने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के बैग से मिले दस्तावेजों के आधार पर उसकी शिनाख्त उत्तराखंड के निवासी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह एनएच-9 बाईपास पर कुचेसर रोड चौपला स्थित जैन शिकंजी के पास रसूलपुर बहलोलपुर निवासी सोनू पुत्र बलराज के खेत में एक युवक का शव पेड़ से लटका हुआ था। हाईवे से गुजर रहे राहगीरों की नजर जब शव पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी। हाईवे किनारे शव लटके होने की खबर फैलते ही मौके पर राहगीरों और वाहन चालकों की भारी भीड़ जमा हो गई।
लोग अपने वाहन रोक-रोककर देखने लगे, जिससे कुछ समय के लिए हाईवे-9 पर यातायात भी बाधित हुआ। शव लटके होने की सूचना मिलते ही बाबूगढ़ थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार,कुचेसर चोपला चौकी प्रभारी ओमकार गंगवार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर फोटोग्राफी की और जरूरी साक्ष्य एकत्र किए।
इसके बाद पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाया। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि मृतक के पास से एक बैग बरामद हुआ है। बैग में मिले दस्तावेजों के आधार पर मृतक की पहचान दिनेश चंद पाण्डेय (38 वर्ष) पुत्र गोसाईं दत्त निवासी मढ़ गोपेश्वर सिमकूंना, बागेश्वर (उत्तराखंड) के रूप में हुई है।
बैग की तलाशी लेने पर उसमें बरेली के एक मानसिक अस्पताल के पर्चे और दवाइयां भी मिली हैं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि युवक मानसिक रूप से बीमार था और उसका उपचार चल रहा था। पुलिस को बैग से युवक का मोबाइल फोन भी मिला है, जो स्विच ऑफ था। फोन बंद होने के कारण तत्काल परिजनों से संपर्क नहीं हो सका।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बैग में मिले कागजातों के आधार पर मृतक के परिजनों को सूचित करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आत्महत्या और अन्य सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहनता से जांच कर रही है। वहीं आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है किसी ने भी मृतक को यहां पहले देखे जाने की पुष्टि नहीं की है।