हापुड़। युद्ध की स्थिति से निपटने के लिए शुक्रवार की शाम को कलक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। इसमें 23 जनवरी को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती पर आयोजित होने वाली ब्लैक ऑउट मॉकड्रिल के लिए अधिकारियों व पूर्व सैनिकों के साथ समन्वय बनाने पर चर्चा हुई।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी गजेंद्र सिंह ने शासन से मिले आदेशों की जानकारी दी। इस पर डीएम अभिषेक पांडेय ने आदेश दिए कि 23 जनवरी की शाम छह बजे मॉकड्रिल के दौरान सभी सीओ पर्याप्त पुलिस बल व उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचेंगे। इस दौरान एंबुलेंस, चिकित्सक और अन्य सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। वहीं, इससे पहले पूर्व नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों और आपदा मित्रों को प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। पालिका के कर्मचारी एक झोपड़ी बनाएंगे। इसके अलावा पेयजल की आपूर्ति, ईंधन की व्यवस्था करेंगे। वहीं, ऊर्जा निगम के अधिकारी ब्लैक आउट होने पर पुन: बिजली आपूर्ति की बहाली को लेकर काम करेंगे। इसके अलावा अग्निशमन यंत्र, संचार के माध्यम, आश्रय स्थलों तक पहुंचने के लिए वाहन आदि उपलब्ध कराने के लिए भी आदेश दिए हैं।