हापुड़ । लोकसभा चुनाव में जीतने के बाद पहली बार मेरठ-हापुड़ सीट से सांसद अरुण गोविल नगर में पहुंचे। जहां दयाल रीजेंसी में मतदाता अभिनंदन कार्यक्रम में उनका सम्मान भी हुआ, इसके बाद उन्हाेंने पौधारोपण भी किया।
सांसद अरुण गोविल ने कहा कि कार्यकर्ताओं को लेकर मेरी भावनाएं बिल्कुल साफ हैं। क्योंकि बिना कार्यकर्ता के कोई नहीं जीत सकता है। कार्यकर्ताओं ने जो समय निकाला, उसके कारण ही हम चुनाव जीत सके। इसलिए मेरे भी खून का एक-एक कतरा कार्यकर्ताओं के लिए समर्पित है। कार्यकर्ता बिना किसी लोभ लालच के पार्टी के लिए चुनाव में दिन-रात काम करते हैं। कार्यकर्ताओं का जितना सम्मान किया जाए, वह कम है। मैं भी सभी संबंधित अधिकारियों से बात कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि हापुड़ में पिछली बार की हार का अंतर कम हुआ है। इसका मतलब है कि कार्यकर्ताओं ने बहुत अधिक मेहनत की है। निवर्तमान सांसद राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि पूरे चुनाव में विपक्ष ने संविधान को लेकर झूठ फैलाया है। देश की जनता ऐसे विपक्ष को सबक जरूर सिखाएगी। जिलाध्यक्ष नरेश तोमर ने कहा कि कार्यकर्ता की अथक मेहनत से हमने तीनों लोकसभा सीटें जीती हैं और तीसरी बार भाजपा को देश की सेवा करने का मौका मिला है। अरुण गोविल के संबोधन के दौरान कई बार जय श्रीराम के जयकारे भी लगे।
इस दौरान डॉ. विकास अग्रवाल, प्रफुल्ल सारस्वत, राजीव सिरोही, मोहन सिंह, कपिल एसएम, दुष्यंत त्यागी, राकेश त्यागी, श्यामेंद्र त्यागी, हेमंत मिश्रा, मनोज तोमर, चंद्रप्रकाश ठठेरे, अलका निम, कविता माधरे, विनोद गुप्ता, अशोक बबली, प्रशांत त्यागी, सुयश वशिष्ठ, प्रवीन सेठी, प्रोफेसर अब्बास अली, शिवकुमार चौधरी, उषा चौधरी, विजय गिरी, अनुज अग्रवाल, रवि गर्ग, प्रमोद जिंदल, मनोज वाल्मीकि आदि मौजूद रहे।
मेरा काम करने का तरीका अलग होगा
निवर्तमान सांसद के सप्ताह में एक बार हापुड़ आने के सवाल का जवाब देते हुए अरुण गोविल ने कहा कि मेरे काम करने का तरीका अलग होगा। मुझे लोगों की समस्याओं का समाधान करना है। क्षेत्र का विकास ही मेरी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने कहा कि नीट परीक्षा को लेकर राहुल गांधी के माइक बंद होने के आरोप गलत हैं।
एक टीम करेगी समस्याओं का समाधान
अरुण गोविल ने कहा कि मंडल अध्यक्ष, मंडल महामंत्री व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की एक टीम बनाऊंगा, इसमें थोड़ा समय लगेगा। यह टीम प्रत्येक मतदाता और कार्यकर्ता के पास पहुंचेगी और समस्या का समाधान करेंगे।
रालोद जिलाध्यक्ष बोले, कार्यकर्ताओं को सम्मान दें
रविंद्र प्रधान ने अपने संबोधन में कहा कि हम इतनी कम वोट से क्यों जीते, यह हमें देखना होगा। हमें कार्यकर्ताओं को तव्वजो देनी होगी। इस जीत के अंतर को भविष्य में बड़ा करना है।