नोटबंदी के बाद 500 और 1000 रुपये के नोटों से दो लाख से अधिक का बिजली बिल जमा कराने वालों का अब आयकर अफसर सर्वे करेंगे। ऐेसे करीब 40 उपभोक्ता प्रकाश में आये हैं। पावर कारपोरेशन में दो दिन में करोड़ों रुपये का बिल जमा हुआ था।
उल्लेखनीय है कि नोटबंदी की घोषणा के बाद दो दिन तक पावर कारपोरेशन के बिल काउंटरों पर 500 और 1000 रुपये के नोट नहीं लिए गए थे। 11 नवंबर से पुरानी करेंसी के नोटों को लेना शुरू कर दिया था।
इससे दो ही दिन में करोड़ों रुपये के बिल की वसूली हुई थी। हालांकि 12 नवंबर की शाम से 20 हजार रुपये से अधिक के बिलों को 500 और 1000 रुपये के नोटों से जमा न करने के निर्देश अफसरों ने दिए थे।
दो दिन में करोड़ों रुपये जमा होने पर इनकम टैक्स विभाग सतर्क हो गया है। विभागीय सूत्रों की मानें तो इनकम टैक्स विभाग की ओर से दो लाख रुपये से अधिक का बिल जमा कराने वालों की सूची मांगी गई है।
इनके यहां इनकम टैक्स अफसर सर्वे कराएंगे। कुल मिलाकर इस कार्रवाई से दो लाख रुपये से अधिक का बिल जमा कराने वालों की धड़कने तेज होने लगी हैं।