बाबूगढ़। थाना क्षेत्र के गांव चक्रसैनपुर उर्फ बाबूगढ़ में काम से घर लौट रही महिला को बाइक सवार युवकों ने टक्कर मारकर सड़क पर गिरा दिया। आरोप है महिला पर बाइक सवारों ने फायरिंग कर दी, गोली उसके हाथ में लिए मोबाइल में लगी है। चोट लगने के कारण उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार गांव निवासी शशिबाला शुक्रवार की शाम करीब छह बजे हापुड़ से घर जा रही थी। जैसे ही वह गांव स्थित बाबा धर्मकांटा के पास गली में पहुंची तो बाइक सवार तीन युवकों ने उसमें टक्कर मारकर सड़क पर गिरा दिया। आरोप है कि उसपर फायरिंग भी की। गोली उसके हाथ में लिए मोबाइल में लगी है। बताया जा रहा है कि बाइक की टक्कर लगने के दौरान उसके हाथ और पैर में चोट लगी है।
शोर मचाने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस गांव में पहुंची और घायल महिला को गढ़ रोड स्थित सीएचसी में भर्ती कराया। महिला खुद को अधिवक्ता बता रही है। महिला का कहना है कि उसने 29 जून को थाने में गांव के पांच युवकों के खिलाफ घर में घुसकर जातिसूचक शब्दों का प्रयोग कर मारपीट करने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि गांव में पुलिस जांच के दौरान कोई गोली नहीं मिली है। महिला को मेडिकल के लिए भेज दिया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।