स्वर्ग आश्रम रोड स्थित एक इंटर कॉलेज के कक्षा 10वीं के छात्र को शिक्षक ने इतना पीटा कि उसके कान का पर्दा फट गया। परिजनों का आरोप है कि उक्त शिक्षक से ट्यूशन न पढ़ने पर उनके बेटे को पीटा गया है। परिजनों ने मामले में एसपी से मिलकर भी शिकायत की है।
गढ़ चुंगी स्थित लक्ष्मणपुरा निवासी इंद्रपाल सिंह ने बताया कि उसका भतीजा रीशू स्वर्ग आश्रम रोड स्थित एक इंटर कॉलेज में पढ़ता है। वह पहले कॉलेज के ही एक शिक्षक से ट्यूशन पढ़ा था। ट्यूशन छोड़ने के बाद से लगातार शिक्षक छात्र पर ट्यूशन लगाने का दबाव बना रहा था।
ऐसा न करने पर सोमवार को शिक्षक ने रीशू को प्रार्थना के समय लाइन से बाहर निकाल ग्राउंड में खड़ा कर दिया। आरोप है कि शिक्षक ने रीशू को लात, घूंसे, थप्पड़ों से पीटा। शिक्षक की पिटाई से रीशू के कान में तेज दर्द होने लगा। छुट्टी होने के बाद परिजनों को मामले की जानकारी दी गई।
कान में दर्द होने के कारण परिजन छात्र को डॉक्टर के पास लेकर गए। जहां चिकित्सक ने छात्र के कान में चोट (कान का पर्दा फटने) की बात कही। परिजनों ने शिक्षक की शिकायत एसपी से कर कार्रवाई की मांग उठाई है।