जिला बार एसोसिएशन चुनाव में मतदान से एक दिन पहले दोनों गुटों के प्रत्याशियों ने प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी। इस दौरान अपने-अपने समर्थकों के साथ वकीलों के बस्तों पर जाकर संपर्क कर वोट मांगा। वहीं 19 अधिवक्ताओं ने टेंडर वोट का इस्तेमाल किया। मतदान शुक्रवार को होगा।
कचहरी में गुरुवार को दिन भर चुनाव की सरगर्मी रही। मतदान में कुछ ही घंटे शेष बचे होने के कारण दोनों गुटों के प्रत्याशी अपने-अपने पक्ष में मतदान करने के लिए साथी अधिवक्ताओं से जनसंपर्क करने में जुटे रहे।
अध्यक्ष पद के एक गुट के प्रत्याशी अनिल शिशोदिया, सचिव पद के प्रत्याशी रविंद्र निमेष ने अन्य प्रत्याशियों के साथ घूम-घूम कर वोट मांगा। इनके साथ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय कंसल, सचिव शाहिद हुसैन के अलावा रमेश चंद्रा, सत्यपाल सिंह तोमर, विजय पाल सिंह, अरविंद कुमार आदि मौजूद रहे।
उधर दूसरे गुट के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी केशव त्यागी व सचिव पद के प्रत्याशी अजित चौधरी ने भी कचहरी में जनसंपर्क किया। उनके साथ तेजवीर सिंह, देवेंद्र खरे, विकास त्यागी, देवव्रत शर्मा, राजवीर सिंह त्यागी, सुरेश चंद आदि मौजूद रहे।
चुनाव अधिकारी सुशील चंद शर्मा, सहायक चुनाव अधिकारी अनिल आजाद, अशोक कुमार गिरी ने बताया कि 13 मई को सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा और उसी दिन मतदान समाप्त होने के आधा घंटे बाद मतगणना शुरू होगी जो कार्य समाप्ति तक चलेगी। 553 मतदाता अपने मत का इस्तेमाल करेंगे।
जिला बार एसोसिएशन के चुनाव में अध्यक्ष पद पर अनिल कुमार शिशोदिया और केशव कुमार त्यागी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर पंकज कुमार सोती, कृष्णकांत गुप्ता, सचिव पद पर रविंद्र सिंह निमेष, अजित सिंह चौधरी,
कोषाध्यक्ष पद पर यतीश कुमार शर्मा, दिलशाद चौधरी, सहसचिव प्रशासन पद पर विजय कुमार अग्रवाल, श्रीराम प्रजापति, देवव्रत शर्मा, सहसचिव प्रकाशन पद पर शहजाद अली, विकास कुमार त्यागी चुनाव मैदान में हैं।