बैंक कर्मियों की एक अनेदखी कैश किल्लत से जूझ रहे एटीएम कार्ड धारकों पर भारी पड़ रही है। कर्मियों ने एटीएम कार्ड का डाटा फीड करते समय स्वैप मशीन सुविधा के आप्शन पर क्लिक नहीं किया। ऐसे में लंबी कतारों से बचने के लिए स्वैप मशीनों का सहारा लेने पहुंच रहे सैकड़ों ग्राहकों को मायूस होकर वापस लौटना पड़ रहा है।
नोटबंदी के 26 दिन बाद भी एटीएम सुविधा पूरी तरह दुरुस्त नहीं हो सकी है। ऐसे में शहर में अनेक स्थानों पर स्वैप मशीनें लगाई गई हैं। बैंकों के बाहर लंबी कतारों में लगने से छुटकारा पाने के लिए ग्राहक बड़ी संख्या में स्वैप मशीनों का सहारा लेने पहुंच रहे हैं, लेकिन एटीएम के लिए बैंक में आवेदन करते समय कर्मियों की एक चूक उन्हें लंबी लाइनों में लगने को मजबूर कर रही है।
एटीएम का डाटा फीड करते समय बैंक कर्मियों ने कार्ड पर स्वैप सुविधा को लागू नहीं किया है। ऐसे उक्त कार्डों पर स्वैप मशीन से कोई सुविधा नहीं मिल पा रही है। इससे ग्राहकों को बेहद परेशानी हो रही है।
एलडीएम एपी चतुर्वेदी का कहना है कि जिन ग्राहकों के एटीएम कार्ड को स्वैप मशीन स्वीकृत नहीं कर रही है, ग्राहक संबंधित बैंक में संपर्क कर स्वैप सुविधा को कार्ड पर खुलवा सकते हैं।