हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत फ्रीगंज रोड स्थित मोहल्ला गंगापुरा के बाहर सोमवार रात सड़क पार कर रहे यूको बैंक के संविदा कर्मचारी राकेश गौतम (35) को बाइक सवार ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें मेरठ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां मंगलवार की सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि राकेश गौतम यूको बैंक में संविदा पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। सोमवार की देर रात वह मोहल्ले के बाहर सड़क पार कर रहे थे। इसी बीच एक तेज रफ्तार बाइक पर सवार दो युवकों की उनसे जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर लगने से राकेश गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद बाइक सवार दोनों युवक भाग गए।
सूचना पर मौके पर पहुंचे परिजनों ने मोहल्लेवासियों की मदद से राकेश को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें मेरठ के लिए रेफर कर दिया। मंगलवार की सुबह उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक राकेश गौतम अविवाहित और चार भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर थे। उनके पिता चंद्रकिरण, मां कृष्णा, भाई ब्रजेश, सुरेश, नरेश व बहन का रो-रोकर बुरा हाल था।
सीओ ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई। तहरीर मिलने पर बाइक के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाएगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।