हापुड़। विवाहिता के साथ दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट कर गला दबाकर हत्या करने का प्रयास किया गया। अश्लील हरकत करने का ननदोई पर आरोप लगाया गया। एसपी के आदेश पर महिला थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
थाना देहात क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी विवाहिता ने एसपी से की शिकायत में बताया था कि उसका निकाह 25 नवंबर 2023 को नगर के मोहल्ला हर्ष विहार निवासी युवक के साथ हुआ था। शादी में उनके पक्ष के लोगों ने करीब 20 लाख रुपए खर्च किए थे। लेकिन शादी के खर्च से उसका पति, ननद और ननदोई खुश नहीं थे। इसे लेकर आए दिन उन्हें प्रताड़ित किया जाने लगा।
विवाहिता का आरोप है कि ननदोई उससे अश्लील हरकतें करता था। जिसकी शिकायत करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी। 26 दिसंबर 2024 में उसने बेटी दुआ को जन्म दिया लेकिन फिर भी आरोपियों का व्यवहार नहीं बदला। आरोप है कि 27 अगस्त 2025 की शाम को आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और पति ने जान से मारने की नीयत से उसका गला दबा दिया।
जैसे-तैसै पीड़िता ने अपनी जान बचाई और बेटी को लेकर मायके आ गयी। इसके बाद सात दिसंबर को आरोपी पति ने पीड़िता के घर आकर उसके साथ गाली गलौज कर मारपीट कर दी। धमकी दी कि उसकी पत्नी बनकर रहेगी वरना तेजाब डालकर उसकी जिंदगी खराब कर दूंगा। सीओ वरुण कुमार मिश्रा का कहना है कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है, मामले की जांच की जा रही है।