हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के स्वर्ग आश्रम रोड स्थित आरजी मंगलम फार्म हाउस के मुख्य गेट पर कुछ युवकों ने दूल्हे के बहनोई पर हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया। युवक की तहरीर पर पुलिस ने दूल्हे की बुआ के दो सगे बेटों समेत अन्य युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
जिला बुलंदशहर के गांव बैनीपुर निवासी लक्ष्मण यादव ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि चार दिसंबर की रात करीब पौने 11 बजे उनके साले की शादी स्वर्ग आश्रम रोड स्थित आरजी मंगलम फार्म हाउस में हो रही थी। आरोप है कि फार्म हाउस के मुख्य गेट पर बरात पहुंचने ही साले की बुआ का पुत्र कुछ लड़कों को साथ वहां पहुंचा और गाली गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया। हमले में वह लहूलुहान हो गया। उसके सिर और मुंह पर गंभीर चोटें आई हैं। हमला करने वालों में रोहित यादव व तरुण निवासी गांव हरचना जिला बुलंदशहर, संदीप निवासी मोहल्ला चैनापुरी हापुड़ व कुछ अज्ञात युवक शामिल थे। उन्होंने इसकी सूचना डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को दी। पुलिस ने रात में उसका मेडिकल परीक्षण कराया था।
सीओ वरुण मिश्रा ने बताया कि युवक की तहरीर पर रोहित यादव, तरुण यादव, संदीप व कुछ अज्ञात युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।