हापुड़। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बैंक कॉलोनी निवासी विजय कुमार ने कुछ लोगों पर उनके ऑफिस में घुसकर पिटाई करने और सोने की चेन व नकदी छीनने का आरोप लगाया है। इससे पहले भी आरोपी ठेकेदार पर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने का दबाव बना चुके हैं। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने चार नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
विजय कुमार ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि वह तारकोल बेचने और ठेकेदारी करते हैं। आरोप है कि आशीष निवासी रेलवे फाटक के पास चमरी रोड, दीपक सागर निवासी मोहल्ला आदर्शनगर कॉलोनी, रवि उर्फ रविंद्र निवासी चमरी रोड, सचिन बैटरी निवासी मोहल्ला आदर्शनगर कॉलोनी उनसे अवैध रूप से एक लाख रुपये की रंगदारी मांगते आ रहे थे। रंगदारी न देने पर आरोपी जान से मारने व उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे थे। आसपास में रहने के कारण वह आरोपियों के खिलाफ कोई शिकायत नहीं कर पाए। आरोपियों ने उनके खिलाफ एक झूठा वाद हापुड़ न्यायालय में दायर कर दिया था। आरोपियों ने कुछ लोगों के माध्यम से उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल कर दिया। इसके बाद भी आरोपी घर आकर व व्हाट्सएप के माध्यम से उनसे अवैध रंगदारी की मांग करते रहे। 30 जुलाई 2025 की सुबह आरोपी उनके ऑफिस में जबरन घुस आए और सामान इधर उधर फेंक दिया। साथ ही लात-घूसों से उनकी पिटाई कर उनसे सोने की चेन व हजारों रुपये की नकदी छीन ली।
उन्होंने घटना की शिकायत स्थानीय पुलिस व उच्चाधिकारियों से की, लेकिन उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई। विवश होकर वह न्यायालय की शरण में पहुंचे। सीओ जितेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि ठेकेदार की तहरीर पर आशीष, दीपक सागर, रवि उर्फ रविंद्र, सचिन बैटरी व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।