बैंकों के लगातार तीन दिन के अवकाश के दूसरे दिन ही शहर में लगे अधिकांश एटीएम जवाब दे गए। कई एटीएम में कैश खत्म हो गए तो कई एटीएम खराब हो गए। ऐसे में ग्राहकों को पैसा निकालने में बेहद परेशानी हुई।
वहीं, बैंक अफसर छुट्टी मनाने में व्यस्त रहे। 30 अक्तूबर को दीपावली, 31 को गोवर्धन पूजा और एक नवंबर को भैय्यादूज के चलते बैंकों में तीन दिन का अवकाश है। बैंक अफसर एटीएम सुविधा दुरस्त रखने का दावा कर रहे थे,
मगर अवकाश के दूसरे दिन ही बैंक अफसरों के दावे फुस्स हो गए। वहीं, जिला आग्रणी बैंक के प्रबंधक एपी चतुर्वेदी का कहना है कि सभी एटीएम को कैश से फुल किया गया था। अवकाश के चलते यह समस्या बनी। मशीनों में जल्द ही कैश डलवा दिया जाएगा।
तहसील चौपला स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम भी ग्राहकों को एक दिन से ज्यादा राहत नहीं दिला सके। रविवार को ही एटीएम पर भी कैश खत्म होने का नोटिस चस्पा कर दिया गया।
बुलंदशहर रोड स्थित सिंडिकेट बैंक के एटीएम का शटर बंद मिला। स्थानीय ग्राहक पैसों की निकासी के लिए परेशान दिख रहे थे। हालांकि, बैंक अफसरों ने राहत का कोई इंतजाम नहीं किया।
फ्री गंज रोड स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम पर भी खराब होने का नोटिस चस्पा मिला। ऐसे में ग्राहकों को यह एटीएम भी राहत नहीं दिला सका।
गढ़ रोड स्थित आईसीआईसीआई बैंक के एटीएम के बाहर भी मशीन खराब होने का नोटिस लगा हुआ था। जिसके चलते लोग कैश नहीं निकाल पाए।