पिलखुवा में हाईवे पर दुर्घटना होने के बाद क्षतिग्रस्त हुई गाड़ी। स्रोत वीडियो ग्रैब
- फोटो : उत्तर पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। स्रोत: विभाग
पिलखुवा। कोतवाली क्षेत्र के एनएच-09 स्थित नगरपालिका परिषद कार्यालय के सामने शुक्रवार देर रात को एक तेज रफ्तार कर अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस दौरान हाईवे पर चल रहा दूसरा वाहन भी कार की चपेट में आ गया। हादसे में छह लोग घायल हो गए और हाईवे के एक तरफ यातायात बाधित हो गया। पुलिस ने घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराकर क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया और यातायात सुचारू कराया।
पुलिस के अनुसार, थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव खागोई निवासी साहब, खालिद, मुजम्मिल, जैद व सोफियान कार में सवार होकर गाजियाबाद से हापुड़ लौट रहे थे। एनएच-09 पर उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई और हाईवे पर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। इस दौरान थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव रझेटी निवासी शकील की कार भी चपेट में आ गई। दुर्घटना में शकील भी घायल हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरातफरी मच गई और हाईवे के एक तरफ यातायात बाधित हो गया। आने जाने वाले राहगीरों ने अपने-अपने वाहन रोककर कार सवार लोगों को बाहर निकाला और दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद पुलिस टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस अब क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच कर रही है। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि पुलिस टीम ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराकर क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से हाईवे से हटवाया और यातायात सुचारू कराया था। हालांकि हादसे के संबंध में पुलिस को अभी कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।