प्रसूताओं के लिए शुरू की गई 102 एंबुलेंस सेवा शुक्रवार को प्रसव पीड़ा से तड़प रही कनिया कल्याणपुर निवासी महिला के लिए संजीवनी साबित हुई है। ईएमटी के प्रयास से प्रसूता ने एंबुलेंस में ही नन्ही परी को जन्म दिया। जच्चा-बच्चा स्वस्थ हैं, दोनों को हापुड़ सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
गांव कनिया कल्याणपुर निवासी भागीरथ की पत्नी संगीता शुक्रवार को असहनीय प्रसव पीड़ा से तड़प रही थी। सामान्य डिलीवरी न होने और हालत बिगड़ने पर परिजनों ने 102 नंबर एंबुलेंस पर कॉल की।
कॉल दर्ज होने के 24 मिनट बाद एंबूलेंस प्रसूता के घर पहुंच गई। उसको गढ़ रोड स्थित सीएचसी ले जाने का प्रयास किया गया। प्रसव पीड़ा के चलते महिला की हालत बिगड़ती चली गई।
इसपर एंबुलेंस में तैनात ईएमटी अंशुमन ने ही महिला को डिलीवरी कराने का निर्णय लिया। उनकी सूझबूझ से प्रसूता ने एंबुलेंस में ही बच्ची को जन्म दिया। एंबुलेंस के पायलट संजय यादव ने भी महिला की हालत को देखते हुए सहयोग किया।
इसके बाद जच्चा-बच्चा को गढ़ रोड स्थित सीएचसी पर भर्ती कराया गया। वहां दोनों का स्वास्थ्य सामान्य मिलने पर परिजनों व चिकित्सकों ने राहत की सांस ली। बता दें कि 26 जून को भी बझेड़ा खुर्द निवासी प्रसूता ने भी एंबुलेंस में बच्ची को जन्म दिया था।