हापुड़। गांव अल्लीपुर-मुगलपुर के ग्रामीणों ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के कार्य में बीएलओ पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि मतदाताओं के फॉर्म भरने के दौरान बीएलओ ने गड़बड़ी की है। उनके द्वारा मृतक, नाबालिग और दूसरे जिले के निवासियों के फॉर्म भरवाकर वोट बनवाई गई हैं। मामले में डीएम ने एसडीएम को जांच के आदेश दिए हैं ।
मंगलवार को ग्रामीणों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर डीएम अभिषेक पांडेय से शिकायत की। ग्रामीण अकरम, निजाम, फरहान, अजगर आदि ने बताया कि इस प्रकार के करीब 100 मामले है। बीएलओ द्वारा जो भी फॉर्म भरवाए गए हैं, उन सभी की जांच कराई जाए। आरोप है कि जिन युवतियों की शादी दूसरे जिलों में हो चुकी है। उनके भी फॉर्म भरकर गांव में वोट बना दी गई है। आरोप है कि नाबालिगों और मृतकों की भी वोट बनाई गई है। बीएलओ ने कुछ लोगों से मिलीभगत करके यह गड़बड़ी की है। इसलिए इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि इस मामले में सोमवार को भी ग्रामीण कलक्ट्रेट पहुंचे थे, लेकिन अधिकारियों से मुलाकात नहीं हो सकी थी। वहीं, डीएम ने इस मामले में एसडीएम को जांच के आदेश दिए हैं।