गढ़मुक्तेश्वर। भारतीय किसान यूनियन (शिक्षक प्रकोष्ठ) के कार्यकर्ताओं ने जनगणना 2027 के अंतर्गत शिक्षकों को आवंटित किए जा रहे कार्यों में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने तहसील स्तर पर ड्यूटी वितरण में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग की है।
संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष परवेश चौहान के नेतृत्व में शिक्षकों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। जिसमें उल्लेख किया कि मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य के दौरान कुछ शिक्षकों को एक के स्थान पर दो या तीन एचएलबी (जनगणना के दौरान किसी इलाके को छोटे-छोटे ब्लॉकों में बांटा जाता है) आवंटित कर दिए गए हैं, जबकि कई शिक्षकों को केवल एक ही एचएलबी दिया गया है। इससे कार्यभार असमान रूप से बढ़ रहा है। इसके अलावा सुपरवाइजर के रूप में लगाए गए शिक्षकों को दूरस्थ क्षेत्रों में ड्यूटी दिए जाने से भी परेशानी हो रही है। संगठन ने आरोप लगाया कि सुपरवाइजर और प्रगणकों के कार्य एवं क्षेत्रों का समान रूप से वितरण नहीं किया जा रहा।
बिना किसी ठोस कारण के अंतिम समय में ड्यूटी में बदलाव किए जा रहे हैं, जिससे शिक्षकों में असंतोष व्याप्त है। भाकियू शिक्षक प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि तहसील के कुछ कर्मचारी ड्यूटी बदलने और काटने में मनमानी कर रहे हैं, जिससे शिक्षकों का शोषण हो रहा है। संगठन ने मामले की जांच कर जिम्मेदार कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पदाधिकारियों ने एसडीएम से समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने की मांग करते हुए कहा कि इससे शिक्षक पूरी निष्ठा और मनोयोग से जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न कर सकेंगे। इस मौके पर अंशू सिद्धू, गौरव, संजीव आदि मौजूद रहे।