हापुड़। जिला बुलंदशहर के थाना जहांगीराबाद क्षेत्र के गांव भूडाना निवासी व्यक्ति ने कुछ लोगों पर विवादित कृषि भूमि को विवादमुक्त बताकर उन्हें बेचने का झांसा देकर उससे 25 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर थाना हाफिजपुर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
दर्ज रिपोर्ट में पीड़ित धर्मवीर ने बताया कि उसकी पहचान गांव अकड़ौली के सतवीर से थी। आरोप है कि सतवीर ने उसे हरियाणा के फरीदाबाद बल्लभगढ़ निवासी प्रदीप कुमार, मेरठ के नंद विहार निवासी सोबीर सिंह और सीमा देवी से मिलवाया था। उसने बताया था कि गांव फाजिलपुर उर्फ मोरपुर में उक्त तीनों की कृषि भूमि है, जिसे वे बेचना चाहते हैं। आरोपियों की बातों पर विश्वास कर उसने 2400 वर्गगज भूमि का सौदा 1.32 करोड़ रुपये में तय कर लिया। आरोप है कि 12 जून 2025 को सौ रुपये के स्टांप पर एक सादा एग्रीमेंट तैयार किया गया। जिसके बाद उसने 25 लाख रुपये अग्रिम राशि के रूप में आरोपियों ने ले लिए।
इसके बाद बैनामा कराने के लिए 14 माह का समय निर्धारित किया गया था। आरोप है कि बाद में उसे पता चला कि उक्त भूमि को लेकर संबंधित मुकदमे उपजिलाधिकारी न्यायालय और सिविल न्यायालय में लंबित हैं। भूमि पर स्थगन आदेश भी लागू है। पीड़ित ने रुपये मांगे तो आरोपियों ने धमकी दी। सीओ अनीता चौहान ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर प्रदीप, सोबीर व सीमा देवी के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।