गढ़मुक्तेश्वर। साइबर अपराधों पर लगाम लगाने के लिए की जा रही कार्रवाई के बीच फर्जी शिकायतों के आधार पर बैंक खातों में रकम होल्ड किए जाने के मामले सामने आने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ गई है।
नगर में कई लोगों ने आरोप लगाया है कि उनके बचत खातों में बिना किसी गलत लेनदेन या धोखाधड़ी के रकम रोक दी गई है। इससे खाताधारकों को अपने ही पैसे के इस्तेमाल में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर की बाग कॉलोनी निवासी प्रशांत कुमार और मोहल्ला आदर्श नगर निवासी परवेज ने बताया कि उनके बैंक खातों में करीब डेढ़ लाख रुपये की रकम होल्ड कर दी गई है। वहीं, प्रशांत के खाते में अलग से 40 हजार रुपये भी होल्ड किए जाने की बात सामने आई है।
खाताधारकों का कहना है कि उनके खातों में किसी प्रकार की गलत एंट्री या फर्जी लेनदेन नहीं हुआ है, इसके बावजूद रकम पर रोक लगा दी गई है।
पीड़ित खाताधारकों ने ऑनलाइन साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर मामले की जांच और समस्या के जल्द समाधान की मांग की है। उपभोक्ताओं ने आरबीआई और राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर अपील की है कि फर्जी शिकायतों के आधार पर खातों में लगाई गई रोक की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक खाताधारकों को राहत दी जाए।
सीओ राहुल यादव का कहना है कि किसी तीसरी पार्टी द्वारा खातों में भुगतान हुआ होगा, जिसके कारण खाते होल्ड किए गए हैं। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।