सिंभावली। क्षेत्र के गांव खुडलिया की सैफी कॉलोनी निवासी महिला ने दंपती पर धोखाधड़ी से प्लॉट का बैनामा कराने, धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।
गांव निवासी नफीसा ने शिकायती पत्र भेजा है। महिला का कहना है कि उन्होंने गांव बहादुरगढ़ में 115 वर्ग गज का प्लॉट बैनामा द्वारा खरीदा था। वहीं, उसके बराबर में स्थित 47 वर्ग गज का प्लॉट का भुगतान कर नोटरी शपथपत्र तैयार कराया था। महिला का कहना है कि कुछ दिन बाद गांव बहादुरगढ़ निवासी दंपती उनके पास पहुंचा और प्लॉट खरीदने की बात की। उसने केवल 115 वर्ग गज जमीन बेचने की बात उनके सामने रखी। आरोपियों ने इसके लिए हामी भर ली। पीड़िता ने बताया कि बैनामा कराने के दौरान आरोपियों और उनके साथियों ने धोखाधड़ी से 162 वर्ग गज प्लॉट का बैनामा अपने नाम करा लिया।
वहीं, 115 वर्ग गज जमीन के भुगतान के लिए दिया गया चैक भी बहानेबाजी से वापस ले लिया। इस बारे में जानकारी होने पर उन्होंने विरोध किया, तो आरोपियों ने पिटाई की। वहीं, जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़िता का कहना है कि उन्होंने इस संबंध में बहादुरगढ़ थाने में तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिस कारण उन्हें एसपी कार्यालय में शिकायत दर्ज करानी पड़ी। सीओ स्तुति सिंह का कहना है कि शिकायत मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।