हापुड़। नगर के मोहल्ला कृष्णा नगर, शक्ति नगर के लोगों ने जल निकासी व्यवस्था गलत तरीके से करने के विरोध में बुधवार को सभासद और ठेकेदार के खिलाफ गुस्सा जाहिर किया। एकत्र हुई महिलाओं ने कहा कि नई व्यवस्था लागू करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
स्थानीय निवासी प्रोफेसर डा. वंदना वशिष्ठ ने बताया कि नगर पालिका द्वारा सड़क निर्माण और पानी की निकासी की व्यवस्था अनौपचारिक रूप से की गई है। अब नई व्यवस्था के तहत भगवानपुरी, इंद्रलोक कॉलोनी का पानी भी शक्ति नगर की नालियों में डाला जा रहा है, जिस कारण शक्ति नगर में आए दिन जलभराव होता है। स्थानीय लोगों ने अनेक बार नगर पालिका प्रशासन से भी शिकायत की है, लेकिन समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
बारिश के दिनों में हालात यह हो जाएंगे कि लोगों के घरों में पानी भर जाएगा। महिलाओं ने प्रदर्शन कर रहे लोगों ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर जल्द ही नगर पालिका की सीवर की व्यवस्था मोहल्ले में नहीं की गई तो नगर पालिका के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा। ईओ संजय कुमार मिश्रा का कहना है कि मौके का निरीक्षण कर मोहल्ले की समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।
इस मौके पर अशोक शर्मा, रमेश शर्मा, हितेश, राजवीर, अनीता, जगवती, ओमवती, रेखा ,मनोज, सर विस्टा, जयकरण सिंह, निरंजन, उर्मिला, योगेंद्र, सुशीला देवी, प्रदीप, मनीष जगदीप आदि मौजूद रहे।